खुटहन/शाहगंज। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड खुटहन के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिलकिछा में शनिवार को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाहगंज विधायक रमेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त समाज, धार्मिक पर्यटन, विकास एवं सामाजिक जागरूकता जैसे विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने चित्रों के माध्यम से समाज को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
मुख्य अतिथि विधायक रमेश सिंह ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का अवलोकन कर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि चित्रकला जैसे रचनात्मक आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता भी विकसित होती है।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी खुटहन विपुल उपाध्याय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
No comments
Post a Comment