मुफ्तीगंज, जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देश के क्रम में कंपोजिट विद्यालय देवकली, मुफ्तीगंज में इको क्लब द्वारा स्थानीय कुम्हार शिल्पकार के साथ कौशल कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को मिट्टी के खिलौने, मूर्तियां एवं विभिन्न कलाकृतियां बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। स्थानीय कुम्हार शिल्पकार ने बच्चों को मिट्टी तैयार करने, चाक पर उसे आकार देने तथा विभिन्न वस्तुओं का निर्माण करने की बारीकियां बताईं।
सहायक अध्यापिका सविता मौर्या के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और स्वयं चाक पर मिट्टी को आकार देकर विभिन्न कलाकृतियां तैयार कीं। बच्चों ने पारंपरिक कुम्हारी कला को नजदीक से समझने के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा का भी प्रदर्शन किया।
विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को स्थानीय कला एवं पारंपरिक शिल्प से जोड़ना, पर्यावरण के प्रति जागरूक करना तथा उनमें रचनात्मक और व्यावहारिक कौशल विकसित करना रहा। कार्यशाला में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।
No comments
Post a Comment