जौनपुर। अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में टीप टॉप ब्यूटी पार्लर, टीडी कॉलेज दक्षिणी गेट के पास आयोजित 45 दिवसीय निःशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं एवं महिलाओं को सौंदर्य कला के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के गुर सिखाए गए।
समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि बयालसी महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलकेश्वरी सिंह एवं विशिष्ट अतिथि तिलकधारी सिंह महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. माया सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि डॉ. अलकेश्वरी सिंह ने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों ने पूरे शिविर के दौरान जिस उत्साह और सीखने की ललक के साथ सहभागिता की, वह सराहनीय है। महिलाओं एवं बालिकाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना एक नेक पहल है। अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट एवं प्रशिक्षक सीमा गुप्ता द्वारा 45 दिनों तक निःशुल्क प्रशिक्षण देना समाजहित में महत्वपूर्ण प्रयास है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. माया सिंह ने कहा कि हुनर केवल हाथों को दक्ष नहीं बनाता, बल्कि व्यक्ति को अपने पैरों पर खड़े होने का साहस भी देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से छात्राएं भविष्य में किसी पर आश्रित रहने के बजाय अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को लगातार प्रोत्साहित करने की पहल की सराहना की।
शिविर में कुल 30 महिलाओं एवं छात्राओं ने निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सुशीला यादव को वैक्सिंग, जानकी को हेयर स्टाइल तथा कोमल अग्रहरि को मेकअप के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अलकेश्वरी सिंह, विशिष्ट अतिथि डॉ. माया सिंह के साथ क्षमा सिंह, रेखा सिंह एवं उर्वशी सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन क्षमा सिंह ने किया, जबकि ट्रस्ट परिवार की सदस्य रेखा सिंह ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षणार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
No comments
Post a Comment