कमीशन बढ़कर ₹125 हुआ, अब ₹200 प्रति कुंतल की मांग

प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी का गृह जनपद में भव्य स्वागत, कोटेदारों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

जौनपुर। उचित मूल्य विक्रेताओं (कोटेदारों) के कमीशन में ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने पर कोटेदार संघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी का उनके गृह जनपद जौनपुर में भव्य स्वागत एवं आभार समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिले की विभिन्न तहसीलों और ब्लॉकों से बड़ी संख्या में पहुंचे कोटेदारों ने प्रदेश अध्यक्ष का माल्यार्पण कर एवं अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम में कोटेदारों ने कमीशन बढ़ाए जाने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महंगाई और उचित मूल्य की दुकानों के संचालन में बढ़ते खर्च को देखते हुए ₹125 प्रति कुंतल कमीशन अभी भी पर्याप्त नहीं है। कोटेदारों ने अब कमीशन बढ़ाकर ₹200 प्रति कुंतल किए जाने की मांग प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखी।

प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि कोटेदारों की समस्याओं और मांगों को संगठन गंभीरता से उठा रहा है। कमीशन में हुई वृद्धि स्वागत योग्य कदम है, लेकिन कोटेदारों की अन्य समस्याओं के समाधान और ₹200 प्रति कुंतल कमीशन की मांग को भी शासन स्तर तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष हरसू सिंह, कार्यकारी जिला अध्यक्ष दयाशंकर निगम, मीडिया प्रभारी सलीमुल्लाह, करंजाकला ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार यादव, बदलापुर तहसील अध्यक्ष सुनील कुमार, शाहगंज तहसील अध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव, लुकमान अहमद, मड़ियाहूं तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार दुबे, मछलीशहर तहसील अध्यक्ष महेंद्र यादव, नगर के दुकानदार संतोष गुप्ता, मनोज कुमार जायसवाल, अनुज जायसवाल, अशोक जायसवाल, अमरनाथ, संतोष यादव, कृष्ण कुमार जायसवाल सहित जिले की विभिन्न तहसीलों और ब्लॉकों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कोटेदार मौजूद रहे।

No comments

Post a Comment

Home