जौनपुर। थाना शाहगंज पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान (Operation Smile) के तहत महिला का यात्रा के दौरान वाहन में छूटा हुआ बैग कीमती सामान सहित बरामद कर सकुशल उसके सुपुर्द कर दिया। बैग वापस मिलने पर महिला ने शाहगंज पुलिस की जमकर सराहना की।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को कुमारी गरिमा पुत्री लाल साहब, निवासी सारी जहांगीर पट्टी, थाना सरपतहां, जौनपुर ने सूचना दी थी कि कस्बा शाहगंज से यात्रा के दौरान उनका बैग वाहन में छूट गया है। बैग में काफी कीमती सामान रखा हुआ था।
सूचना मिलते ही शाहगंज पुलिस ने बैग की बरामदगी के लिए प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस टीम के अथक प्रयासों के बाद 31 अगस्त 2026 को बैग को समस्त सामान सहित सकुशल बरामद कर कुमारी गरिमा को सौंप दिया गया।
खोया हुआ बैग और सामान वापस पाकर गरिमा के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने शाहगंज पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की और सकुशल अपने घर रवाना हुईं।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल आलोक सिंह, कांस्टेबल अमन यादव, कांस्टेबल अभिराम खरवार, महिला कांस्टेबल नीतू आर्या और महिला कांस्टेबल संगम शर्मा शामिल रहीं।
No comments
Post a Comment