सिकरारा, जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। हाथों में तिरंगा लेकर निकली महिलाओं ने राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया और वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सिकरारा ब्लॉक परिसर से हुआ। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए शिवपुरी स्थित भाजपा कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा में सैकड़ों महिलाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्य उपस्थित रहीं। इसके अलावा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रागिनी सिंह, जिला महामंत्री भिनगा श्रीवास्तव, जिला मंत्री अंशु कुशवाहा, सुशीला दीदी, बिंदु पांडेय, रिंकी सिंह, साधना सिंह, प्रीति सिंह, रुक्मणी राय, मंजू सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा की विशेषता यह रही कि इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची मातृशक्तियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की संयोजक महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राखी सिंह रहीं। उनके आह्वान पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। यात्रा को सफल बनाने में ब्लॉक के कमिश्रा जी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का भी सहयोग रहा।
शिवपुरी कार्यालय पर तिरंगा यात्रा के समापन के बाद सभी महिला कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्तियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम संयोजकों की ओर से यात्रा में शामिल सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रहित में इसी प्रकार एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
भव्य तिरंगा यात्रा के माध्यम से महिला मोर्चा ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया।
No comments
Post a Comment