जौनपुर। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत आउट ऑफ स्कूल (विद्यालय से बाहर) बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला 6, 7 एवं 9 मार्च 2026 को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) जौनपुर में आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला में जनपद के ए.आर.पी. (एकेडमिक रिसोर्स पर्सन) तथा ट्रेनर्स को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः स्कूल से जोड़ने के लिए प्रभावी रणनीति पर कार्य कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान सर्व शिक्षा अभियान एवं निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों के नामांकन, उनकी शैक्षिक प्रगति और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए आउट ऑफ स्कूल बच्चों को चिन्हित कर उन्हें विद्यालय में नामांकित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यशाला के आयोजन में जिला समन्वयक सत्येन्द्र गुप्ता, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी आलोक कुमार गुप्ता तथा उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य DIET डॉ. विनोद कुमार शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों और प्रशिक्षकों को नई शैक्षिक रणनीतियों से अवगत कराया जा रहा है, जिससे जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का लक्ष्य पूरा किया जा सके।

No comments
Post a Comment