शिक्षकों का गरजा ट्विटर अभियान, #JusticeForTeachers रहा नंबर-1 ट्रेंड

(सोहराब )
जौनपुर। सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्यता के विरोध में रविवार को देशभर के शिक्षकों ने टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले चरणबद्ध आंदोलन के प्रथम चरण में जोरदार ट्विटर अभियान चलाया। इस दौरान #JusticeForTeachers हैशटैग के साथ चलाया गया अभियान लगातार दो घंटे से अधिक समय तक ट्विटर पर नंबर-एक पर ट्रेंड करता रहा, जिससे शिक्षकों की नाराजगी और एकजुटता स्पष्ट रूप से सामने आई।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जौनपुर के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला ने बताया कि 1 सितंबर 2025 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद आरटीई लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता का संकट खड़ा हो गया है, जिससे सेवारत शिक्षक आहत और चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक सरकार से अध्यादेश लाकर आरटीई लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मुक्त करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन आश्वासन के बावजूद सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं होने से शिक्षकों में रोष बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चरणबद्ध आंदोलन के अगले चरण में 23 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक शिक्षक अपने-अपने कार्यस्थल पर बांह में काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। शिक्षक नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

No comments

Post a Comment

Home