मीरगंज, जौनपुर। स्थानीय थाना पुलिस टीम को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब गो-तस्करी में लिप्त एक शातिर वांछित को मुठभेड़ में घायल करते हुये गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को थाना मीरगंज पुलिस टीम गोधना बाजार के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुये सेमरी अण्डरपास पुलिया के पास घेराबन्दी कर दी।
खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। पुलिस की आत्मरक्षात्मक जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोनू उर्फ बलवन्त बघेल पुत्र अशोक कुमार निवासी रामनगर थाना अखण्डनगर जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
No comments
Post a Comment