जौनपुर, 18 फरवरी 2026। डॉ दिनेश चंद्र, जिलाधिकारी द्वारा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट सेल प्रभारी एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है तथा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी नकलविहीन परीक्षा कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में कुल 206 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा की निगरानी हेतु 06 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त रिजर्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
आयोग के निर्देशानुसार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 का आयोजन 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित होगी। जनपद में हाईस्कूल के 77,042 एवं इंटरमीडिएट के 77,080 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का फोन नंबर 05452-318005 है। इसके अतिरिक्त किसी भी समस्या की स्थिति में विभागीय कंट्रोल रूम के नंबर 7905471191 एवं 9451962481 पर संपर्क किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, प्रधानाचार्य राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भकुरा प्रभाकर सिंह, शशि राव सहित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment