करंजाकला में शिक्षकों की समीक्षा बैठक, 26 फरवरी को विशाल धरना का ऐलान

( सोहराब )
जौनपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र करंजाकला के सभागार में प्राथमिक शिक्षक ब्लॉक इकाई करंजाकला की समीक्षा बैठक जिला अध्यक्ष अरविंद शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए करंजाकला के अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि वर्तमान समय शिक्षकों की एकता का है और सभी शिक्षकों को एकजुट होकर आरटीई एक्ट का विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकजुटता से ही शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा संभव है।
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष लाल साहब यादव ने कहा कि ‘संघे शक्ति कलयुगे’ का सिद्धांत आज भी प्रासंगिक है और अब तक शिक्षकों को जो भी अधिकार प्राप्त हुए हैं, वह संघर्ष के बल पर ही मिले हैं। उन्होंने शिक्षकों से आंदोलन को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष अरविंद शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार को आरटीई की संबंधित धारा में संशोधन कर वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के साथ न्याय करना चाहिए। उन्होंने बताया कि सभी मान्यता प्राप्त शिक्षक संगठन डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले एकजुट होकर संघर्ष का बिगुल फूंक चुके हैं।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 26 फरवरी 2026 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद के शिक्षक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
इस अवसर पर शैलेंद्र पाल, अनिल मिश्रा, राम सिंह, अनिल यादव, राजन सिंह, अशोक कुमार, राजेश गौतम, सुनील कुमार, सौरभ यादव, आनंद प्रकाश, प्रशांत यादव, देवेंद्र सिंह, रितेश यादव, उर्मिला देवी, मधुबाला, सुनीता चौहान, कनक लता सहित सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
सभा का संचालन जिला उपाध्यक्ष सुनील यादव ने किया।

No comments

Post a Comment

Home