परिषदीय विद्यालयों के 220 छात्र-छात्राओं का वाराणसी में शैक्षिक भ्रमण संपन्न

(सोहराब) 
जौनपुर, 20 फरवरी। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का जनपद स्तरीय एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण शुक्रवार को वाराणसी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने राम मनोहर लोहिया पार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भ्रमण में जनपद के 22 विकास खंडों से कुल 220 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बच्चों की देखरेख के लिए प्रत्येक विकास खंड से दो-दो शिक्षक-शिक्षिकाओं की ड्यूटी लगाई गई थी।
वाराणसी पहुंचकर छात्र-छात्राओं ने ऐतिहासिक स्थल सारनाथ का भ्रमण किया और वहां के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान बच्चों के लिए जलपान एवं भोजन की समुचित व्यवस्था भी विभाग द्वारा कराई गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भ्रमण में शामिल जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता सत्येंद्र गुप्ता, एसआरजी अजय मौर्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्देशित किया था कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भ्रमण को सकुशल संपन्न कराया जाए तथा सभी बच्चों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया जाए।
टीम लीडर के रूप में जिला समन्वयक सत्येंद्र गुप्ता के नेतृत्व में टीम के सदस्य चित्रसेन चौहान एवं प्रभात सिंह ने भ्रमण को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। शैक्षिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने इसे ज्ञानवर्धक एवं यादगार अनुभव बताया।

No comments

Post a Comment

Home