जौनपुर: संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित

जौनपुर, 26 नवंबर 2025। शासन के निर्देशानुसार बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में एक गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लोकभवन सभागार, लखनऊ से प्रसारित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया। इस लाइव प्रसारण को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) राम अक्षयबर चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सम्मिलित होकर देखा तथा मा. मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को सुना। इसके साथ ही संविधान दिवस पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी सहित अधिकारियों ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान सभागार में मौजूद सभी लोगों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत का संविधान अंगीकृत एवं आत्मार्पित किया गया था, जो देश के नागरिकों को न केवल मौलिक अधिकार प्रदान करता है, बल्कि मौलिक कर्तव्यों का भी स्पष्ट उल्लेख करता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण के माध्यम से देश की अखंडता, संस्कृति और एकता को बनाए रखने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी से संविधान के प्रति सच्ची आस्था रखते हुए समाज में समरसता, एकजुटता और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

No comments

Post a Comment

Home