हृदयाघात से होने वाली मौतों को रोकने हेतु प्रदेश सरकार का बड़ा फैसला

हृदयाघात से होने वाली मौतों को रोकने हेतु प्रदेश सरकार का बड़ा फैसला

जौनपुर के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. हरेंद्र देव सिंह के अभियान को मिली बड़ी सफलता
जौनपुर। वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. हरेंद्र देव सिंह द्वारा लंबे समय से हृदयाघात (हार्ट अटैक) के दौरान थ्रोम्बोलाइसिस इंजेक्शन को समय पर उपलब्ध कराने की मांग को अंततः प्रदेश सरकार ने संज्ञान में लेते हुए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सरकार द्वारा इस जीवनरक्षक इंजेक्शन को मुफ्त उपलब्ध कराने की पहल पूरे प्रदेश के लिए राहत भरी खबर है। डॉ. सिंह ने विभिन्न जागरूकता अभियानों, सेमिनारों और फोरमों के माध्यम से लगातार इस गंभीर समस्या को उठाया था। उनका कहना है कि इस इंजेक्शन के समय पर उपलब्ध न होने के कारण हर जिले में प्रतिवर्ष लगभग 2000 से 3000 लोगों की असमय मृत्यु हो जाती है, विशेषकर सर्दियों के मौसम में हृदयाघात के मामले तेजी से बढ़ जाते हैं। समय पर लगाया गया यह इंजेक्शन कई बार मरीज को जीवनदान देने जैसा होता है। गरीब एवं असहाय मरीजों को यह इंजेक्शन कम कीमत पर अथवा निशुल्क उपलब्ध कराने के लिए डॉ. सिंह लंबे समय से प्रयासरत थे। जाड़े में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वह कृष्णा हार्ट केयर के माध्यम से भी लगातार कार्य कर रहे थे। कुछ दिन पूर्व उन्होंने इस विषय पर अपने फेसबुक अकाउंट से भी पोस्ट किया था और मुख्यमंत्री सहित संबंधित अधिकारियों को टैग कर आग्रह किया था। सरकार द्वारा इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए इंजेक्शन को मुफ्त उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया, जिसे चिकित्सक समुदाय तथा आम जनता ने हृदय से स्वागत किया है। डॉ. सिंह ने प्रदेश सरकार की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का यह संवेदनशील निर्णय निश्चित ही सर्दियों में होने वाले हृदयाघात से होने वाली मौतों में भारी कमी लाएगा। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के मुफ्त होने से गरीब तबके के लोगों को इलाज में बड़ी राहत मिलेगी। डॉ. सिंह के लगातार प्रयासों, जन-जागरूकता अभियानों तथा विभिन्न फोरम पर उठाई गई मांगों का ही परिणाम है कि सरकार तक यह संदेश पहुँचा और आज पूरा प्रदेश इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का आभारी है।

प्रदेश सरकार का यह फैसला और डॉ. सिंह का अभियान दोनों ही सराहनीय एवं स्वागतयोग्य हैं।

No comments

Post a Comment

Home