राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने भूमि पूजन कर किया शुभारंभ, दो साल में पूरा होगा निर्माण
जौनपुर, 05 अक्टूबर 2025।
नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए जगदीशपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ऊपरी रेल सेतु (फ्लाईओवर) निर्माण कार्य का शुभारंभ रविवार को कर दिया गया। मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उ०प्र० श्री गिरीश चंद्र यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि यह फ्लाईओवर जनपद की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि परियोजना को दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन कार्यदाई संस्था से बातचीत कर प्रयास रहेगा कि पुल समय से पहले बनकर तैयार हो जाए।
यह फ्लाईओवर जगदीशपुर रेलवे क्रॉसिंग (किमी 826/3-4) पर सीआरआईएफ (सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड) योजना के तहत निर्मित होगा। सेतु की कुल लंबाई 765.05 मीटर होगी, जिसमें रेल पोर्शन 76.10 मीटर का निर्माण किया जाएगा। परियोजना की स्वीकृत लागत ₹10889.13 लाख तथा प्राप्त आवंटन ₹7895.20 लाख है। निर्माण कार्य जनवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। पुल का ढलान वाराणसी मार्ग पर जगदीशपुर प्राइमरी स्कूल और जौनपुर की ओर उद्योग कार्यालय मतापुर लाइन बाजार तक होगा।
मिलेगा जाम से स्थायी निजात
इस ओवरब्रिज के निर्माण से नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। वर्तमान में जगदीशपुर रेलवे क्रॉसिंग पर प्रतिदिन भारी वाहनों के कारण लंबा जाम लगता है, जिससे आमजन को असुविधा और समय की हानि होती है। फ्लाईओवर के पूरा होने से नगर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी, समय और ईंधन की बचत होगी तथा प्रदूषण में भी कमी आएगी।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम
फ्लाईओवर निर्माण से न केवल जौनपुर नगर, बल्कि वाराणसी–लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग, आजमगढ़, शाहगंज, बदलापुर सहित आसपास के जिलों के लोगों को भी सुगम यातायात का लाभ मिलेगा। यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को गति प्रदान करेगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधान परिषद सदस्य केदारनाथ सिंह, मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव, पूर्व नगर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, पीयूष गुप्ता, आशीष गुप्ता, मंत्री जनसंपर्क अधिकारी कृष्ण कुमार जायसवाल, प्रतिनिधि अजय सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारीगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment