2047 तक विकसित राज्य बनाने हेतु जिलाधिकारी ने की अपील, समर्थ पोर्टल पर दें अपना सुझाव

2047 तक विकसित राज्य बनाने हेतु जिलाधिकारी ने की अपील, समर्थ पोर्टल पर दें अपना सुझाव

(सोहराब)

जौनपुर, 02 अक्टूबर 2025। उत्तर प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से “विकसित उत्तर प्रदेश 2047 : समृद्धि का शताब्दी पर्व महाअभियान” प्रारंभ किया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए समर्थ पोर्टल की शुरुआत की गई है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस महाअभियान में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि समर्थ पोर्टल पर कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, ऊर्जा, आधारभूत संरचना समेत 12 प्रमुख क्षेत्रों से संबंधित सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं। इन सुझावों के आधार पर एक व्यापक विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाएगा, जो प्रदेश और देश को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होगा।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि माननीय मुख्यमंत्री जी स्वयं भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्राम प्रधानों और प्रतिनिधियों से संवाद कर चुके हैं तथा लोगों से अधिक से अधिक संख्या में समर्थ पोर्टल पर जुड़ने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि—

“यह केवल सरकार का अभियान नहीं, बल्कि जनता का भी महाअभियान है। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी सकारात्मक सोच और सुझाव साझा करता है, तो निश्चित ही वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश को एक विकसित राज्य के रूप में स्थापित किया जा सकेगा।”

जिलाधिकारी ने अंत में जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे समर्थ पोर्टल पर जाकर अपना अमूल्य सुझाव अवश्य दें और प्रदेश के विकास में सहभागी बनें।



No comments

Post a Comment

Home