नारी सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत मेडिकल कालेज जौनपुर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

नारी सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत मेडिकल कालेज जौनपुर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
जौनपुर, 19 सितम्बर।
नारी सशक्तिकरण अभियान (17 सितम्बर से 02 अक्टूबर, 2025) के अंतर्गत मेडिकल कालेज जौनपुर के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो० आर० बी० कमल के निर्देशन तथा विभागाध्यक्ष डॉ० सरिता पाण्डेय और नोडल अधिकारी डॉ० पूजा पाठक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

शिविर का शुभारंभ विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ चिकित्सकों की उपस्थिति में हुआ। बड़ी संख्या में महिलाओं ने इसमें भाग लिया और अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान हेतु परामर्श प्राप्त किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महिलाओं को उच्च रक्तचाप, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं सहित विभिन्न स्त्री रोगों की जानकारी दी और समय-समय पर जांच एवं संतुलित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, गर्भावस्था जांच, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर की जांच की गई तथा दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर में गर्भावस्था के दौरान होने वाली समस्याओं जैसे एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह आदि से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही स्तनपान, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष सत्र आयोजित हुआ।

ग्रामीण व स्थानीय महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर दूर-दराज के गांवों में भी नियमित रूप से होने चाहिए, जहां चिकित्सा जागरूकता का अभाव है।

शिविर में डॉ० स्वाती विश्वकर्मा, डॉ० रेनू कुमारी, डॉ० प्रीति विश्वकर्मा, डॉ० सारिका निषाद, डॉ० प्रियांशी, डॉ० स्मृति, डॉ० सविता, डॉ० ऋचा, डॉ० संदीप कुमार सिंह सहित नर्सिंग अधिकारी, एमबीबीएस छात्र-छात्राएं, मरीज और उनके परिजन उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home