मेडिकल कालेज जौनपुर में मुख कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

मेडिकल कालेज जौनपुर में मुख कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
जौनपुर, 24 सितम्बर 2025। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान (17 सितम्बर से 02 अक्टूबर, 2025) के तहत मेडिकल कालेज जौनपुर के दन्त रोग विभाग में मुख कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य प्रो० आर०बी० कमल के मार्गदर्शन तथा डा० पूजा पाठक (नोडल अधिकारी) एवं डा० ले० कर्नल सी०बी०एस० पटेल (विभागाध्यक्ष, दन्त रोग विभाग) के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभागाध्यक्ष ने बताया कि मुख कैंसर आज के समय की गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसके प्रमुख कारण तंबाकू, गुटखा, पान मसाला, धूम्रपान और शराब हैं। उन्होंने कहा कि दांत, मसूड़ों या मुख के अंदर गांठ, घाव अथवा सफेद/लाल दाग दिखने पर तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें। समय-समय पर दंत परीक्षण कराने से कैंसर की संभावना को कम किया जा सकता है।

डा० हीरा इस्माइल ने पायरिया और ब्रशिंग की सही विधि की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पायरिया एक सामान्य रोग है, जिसमें मसूड़े कमजोर हो जाते हैं और दांत गिरने तक की स्थिति बन सकती है। उन्होंने अपील की कि लोग प्रतिदिन सुबह और रात में हल्के हाथ से गोलाई में ब्रश करें, मीठे खाद्य पदार्थों के सेवन के बाद कुल्ला अवश्य करें तथा नियमित दंत परीक्षण कराएँ।

कार्यक्रम में चिकित्सक डा० विनोद कुमार, डा० अरविंद पटेल, डा० अंजलि गुप्ता, डा० नितिन गुप्ता, डा० प्रियांशी यादव, डा० संदीप कुमार सिंह तथा नर्सिंग अधिकारी अनीता पटेल, नितीश कुमार गुप्ता, पंकज कुमार, एम०पी०डब्ल्यू हेल्थ कर्मचारी राजानन्द यादव समेत मरीज और तीमारदार उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home