जौनपुर, 15 सितम्बर 2025। अयोध्या से दर्शन कर वाराणसी/काशी जा रहे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट बस सोमवार की सुबह जनपद जौनपुर शहर के पास शिवापार बाईपास पर हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल जौनपुर में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम अक्षयवर चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया।
कुशल श्रद्धालुओं को पुलिस लाइन में अस्थायी आश्रय देते हुए भोजन, नाश्ता, पेयजल व फल आदि की समुचित व्यवस्था कराई गई। श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाने के लिए शासन की ओर से विशेष बस उपलब्ध कराई गई। साथ ही दो पुलिसकर्मियों को भी उनके साथ भेजा गया है ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की समस्या न हो।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया और आश्वस्त किया कि घटना की संपूर्ण जांच कराई जा रही है।
No comments
Post a Comment