डॉक्टर व फार्मासिस्ट ड्यूटी कक्ष का लोकार्पण, जनमानस को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

डॉक्टर व फार्मासिस्ट ड्यूटी कक्ष का लोकार्पण, जनमानस को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
(सोहराब)
जौनपुर, 25 जुलाई 2025 जिला चिकित्सालय, जौनपुर परिसर में शुक्रवार को डॉक्टर व फार्मासिस्ट ड्यूटी कक्ष का लोकार्पण मा० सदस्य विधान परिषद श्री बृजेश सिंह 'प्रिन्शू' द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह सहित अन्य प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मा० विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ने कहा कि आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में आज विधान मंडल क्षेत्र विकास निधि योजना के अंतर्गत 20 लाख रुपए की लागत से तैयार किए गए ड्यूटी कक्ष का लोकार्पण किया गया है। इससे न केवल चिकित्सकों को कार्य में सुविधा होगी, बल्कि अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था में भी और अधिक सुधार संभव हो सकेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि मा० सदस्य विधान परिषद द्वारा निधि प्रदान कर जिला अस्पताल में चिकित्सकों हेतु आवश्यक ड्यूटी कक्ष का निर्माण कराना अत्यंत सराहनीय है। यह सुविधा आपातकालीन स्थितियों में भी चिकित्सकों की त्वरित उपस्थिति सुनिश्चित करेगी, जिससे मरीजों को तत्काल और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने इसके लिए श्री बृजेश सिंह का आभार व्यक्त किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यदि जनपद में कहीं भी चिकित्सकीय सुविधाओं की कमी हो, तो उसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

No comments

Post a Comment

Home