दीप से दीप जलाएंगे,साक्षर देश बनाएंगे

दीप से दीप जलाएंगे,साक्षर देश बनाएंगे 
(सोहराब)
जौनपुर 11 जुलाई, 2025 - बीएसए डॉ0 गोरखनाथ पटेल ने करंजाकला ब्लाक के प्रा0 विद्यालय काजीबाज़ार में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया।विद्यालय में नामांकन के साथ साथ पौधारोपण व स्वच्छता जागरूकता अभियान भी चलाया गया। बीएसए ने स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चे स्कूल चलो अभियान सम्बन्धी नारों-स्लोगन की तख्ती-बैनर लिए चल रहे थे। बच्चों ने रैली के दौरान प्रेरणादायक नारे  ’हर घर में एक दीप जलेगा, हर बच्चा स्कूल चलेगा’लगाया। साथ ही ’हम बच्चों का नारा है, शिक्षा अधिकार हमारा है’ और ’आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे’ जैसे नारों से ग्रामीणों को जागरूक किया। बीएसए डॉ गोरखनाथ पटेल ने कहा कि समस्त स्टाफ गांव में जाकर अभिभावकों से संपर्क कर नामांकन में वृद्धि करें।बच्चों का नामांकन व उपस्थित शत प्रतिशत सुनिश्चित करें। बीएसए, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी और शिक्षकों ने रैली के माध्यम से घर-घर जाकर अभिभावकों को उनके बच्चों के नामांकन व शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए प्रेरित किया। 
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने फार्म भरकर नामांकन किया और बच्चों का माला पहनाकर स्वागत व अभिनन्दन किया। नामांकित बच्चों को पुस्तक व कापी-पेन भी दी गयी।बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारी व शिक्षकों ने घास साफ कर , झाड़ू लगाकर साफ-सफाई कर अन्य लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विद्यालय परिसर में फलदार व छायादार पौधे रोपित किए गए।  बीएसए ने कहा कि स्कूल चलो अभियान, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण, ये तीनों ही शिक्षा और पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण अभियान हैं। 
“स्कूल चलो अभियान“ का उद्देश्य बच्चों को स्कूल भेजने और शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है, जबकि “स्वच्छता अभियान“ का उद्देश्य स्कूलों और आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखना है। “पौधारोपण“ अभियान का उद्देश्य पर्यावरण को हरा-भरा बनाना और पेड़ों को लगाना है। इन तीनों अभियानों का उद्देश्य छात्रों और समाज के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण करना है। 
प्रा0 विद्यालय काजीबाज़ार के प्रधानाध्यापक रौशन मौर्य ने सभी का आभार व्यक्त किया और   कहा कि इन अभियानों के माध्यम से, छात्रों को न केवल शिक्षा और स्वच्छता के महत्व को समझने में मदद मिलती है, बल्कि वे एक बेहतर और स्वस्थ जीवन जीने के लिए भी प्रेरित होते हैं।  
 इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी,समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी,समस्त एआरपी,प्रधानाध्यापक रौशन लाल मौर्य समस्त स्टाफ,मनोज यादव (अध्यक्ष),शैलेंद्र पाल,अनिल यादव,रजनीश सिंह,प्रसन्न गुप्ता,प्रशान्त यादव,श्रीपाल यादव,राम सिंह ,संजय यादव,अमर बिहारी प्रजापति,ग्राम प्रधान व अन्य उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home