नई बस पर ड्यूटी के बदले मांगी रिश्वत, रोडवेज का बाबू ₹5000 लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित रोडवेज डिपो में तैनात एक लिपिक (बाबू) को वाराणसी एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को ₹5000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो कि डिपो में ड्यूटी निर्धारण का कार्य देख रहा था। जानकारी के अनुसार, रोडवेज चालक झुल्लुर सरोज ने आरोप लगाया था कि बाबू प्रदीप कुमार श्रीवास्तव उनसे नई बस पर ड्यूटी लगाने के एवज में ₹5000 की लगातार मांग कर रहे थे। कई बार टालने के बावजूद जब रिश्वत की मांग खत्म नहीं हुई, तो उन्होंने इसकी शिकायत वाराणसी स्थित एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और पूर्व नियोजित योजना के तहत शुक्रवार को आरोपी को रिश्वत की राशि लेते समय रंगेहाथ दबोच लिया। टीम द्वारा गिरफ्तारी के बाद आरोपी को लाइन बाजार थाना लाया गया, जहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। इस संबंध में चालक झुल्लुर सरोज ने मीडिया को बताया, “मुझसे लगातार नई बस पर ड्यूटी देने के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही थी। परेशान होकर मुझे भ्रष्टाचार निरोधक टीम से संपर्क करना पड़ा, ताकि इस तरह की अवैध मांगों पर रोक लगाई जा सके।”
सूत्रों के मुताबिक, एंटी करप्शन टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है और मामले की आगे की जांच जारी है।
No comments
Post a Comment