जौनपुर: जिला अस्पताल में 1.56 करोड़ की लागत से स्थापित हुआ अत्याधुनिक 32 स्लाइस सीटी स्कैन, 23 जून को होगा लोकार्पण
जौनपुर। अब जनपद वासियों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शहीद उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय में लगभग 1.56 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक "32 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन" स्थापित कर दी गई है। यह जानकारी खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
उन्होंने बताया कि जिले के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को पहले सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण जांच के लिए निजी केंद्रों पर भारी राशि चुकानी पड़ती थी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को इलाज कराना मुश्किल होता था। अब इस अत्याधुनिक मशीन की स्थापना से इन मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
बताते चलें कि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव द्वारा इस मशीन की स्थापना को लेकर लंबे समय से प्रयास किया जा रहा था। उनके सतत प्रयासों के फलस्वरूप यह मशीन भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, साहिबाबाद (गाजियाबाद) द्वारा कार्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड के अंतर्गत जिला अस्पताल को प्रदान की गई है।
इस सीटी स्कैन मशीन की स्थापना में कुल लागत लगभग 1.56 करोड़ रुपये आई है। यह मशीन 32 स्लाइस की क्षमता वाली है, जो रोगों की गहराई से जांच में अत्यधिक सहायक सिद्ध होगी।
इस आधुनिक सुविधा का शुभारंभ/लोकार्पण 23 जून 2025 को प्रातः 11 बजे सदर विधायक एवं खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के जनरल मैनेजर श्री समीर, सीएमएस सहित चिकित्सालय के अन्य अधिकारीगण एवं विशिष्ट जन भी उपस्थित रहेंगे।
यह पहल निश्चित रूप से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊँचाई प्रदान करेगी और जनसामान्य को सस्ता, सुलभ व सटीक इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
No comments
Post a Comment