जौनपुर, 24 मई कलेक्ट्रेट सभागार में आज निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण एवं नोडल अधिकारी श्री अंकित कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में जनपद जौनपुर के गो-आश्रय स्थलों एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में नोडल अधिकारी ने जनपद में संचालित सभी गो-आश्रय स्थलों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी स्थलों पर भूसा गोदाम दान के माध्यम से पूर्ण रूप से भर दिए गए हैं तथा बड़े पैमाने पर पौधरोपण व नेपियर घास की बुवाई की जा रही है।
श्री अग्रवाल ने निर्देशित किया कि जिन गो-आश्रय स्थलों पर हरे चारे या साईलेज की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, वहां किसान अनुबंध के माध्यम से हरा चारा उपलब्ध कराया जाए और गोवंश को भूसे के साथ 20 प्रतिशत हरा चारा मिलाकर ही खिलाया जाए।
उन्होंने सभी स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम स्थापित कर निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही केयर टेकर के रात्रि प्रवास की व्यवस्था तथा सहभागिता योजना अंतर्गत समय से लाभार्थियों के खातों में भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए श्री अग्रवाल ने निर्देश दिए कि जहां जल टंकी निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है, वहां शीघ्र भूमि की व्यवस्था कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने अधीक्षण अभियंता जल निगम (ग्रामीण) से टंकी निर्माण, पंप हाउस तथा सोलर पंप स्थापना की अद्यतन रिपोर्ट मांगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाडिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राम अक्षयवर चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी श्री अजय अंबष्ट, परियोजना निदेशक श्री के.के. पांडेय, जिला विकास अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी देवी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment