गांवों को ओलम्पिक से जोड़ना ही मूल उद्देश्यः आनन्देश्वर पाण्डेय

जौनपुर। जनपद के ग्रामीणांचलों से खिलाड़ियों को चयनित करके एवं उन्हें अच्छा प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाना ही ओलम्पिक संघ का उद्देश्य है। इसी उद्देश्य से देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की पहल पर देश के प्रत्येक गांव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उक्त बातें भारतीय ओलम्पिक संघ के कोषाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के महासचिव आनन्देश्वर पाण्डेय ने मंगलवार को पत्रकारों से हुई वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि आज किसी भी खेल में खिलाड़ियों का आगमन गांव से होता है जिसको गम्भीरता से लेते हुये भारत सरकार ने गांवों पर ध्यान देना शुरू कर दिया। इसी को लेकर जौनपुर ओलम्पिक संघ का पुनर्गठन करके नयी टीम खड़ी की गयी है जिनके नेतृत्व में आने वाले दिनों में ओलम्पिक की दुनिया में जौनपुर की छाप बनायेगी। श्री पाण्डेय ने कहा कि शीघ्र ही जौनपुर में प्रदेशस्तरीय ओलम्पिक होगा जिसमें जनपद के सभी खेलों से जुड़े लोगों का सम्मान होगा। इसी क्रम में जिला ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष श्याम सिंह यादव ने कहा कि जनपद के मड़ियाहूं क्षेत्र के रानीपट्टी गांव में शूटिंग रेंज बनवाने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। साथ ही सभी ब्लाकों पर ओलम्पिक संघ का गठन करके सभी खेलों का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इस अवसर पर सै. अली अब्बास, शकील गूजर, शम्भूनाथ शर्मा, सै. कासिम सईद, संजय यादव सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home