श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मैहर मंदिर में होगा तीन दिवसीय उत्सव


जौनपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव है। पुराणों के मुताबिक भगवान श्रीकृष्ण ने भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को अवतार लिया था। मान्यतानुसार करीब 5243 वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण के मध्य रात्रि में इस धरती पर हुये अवतरण की तिथि को पर्व के रूप में भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी हिन्दू सम्प्रदाय के लोग पूरी आस्था के साथ मनाते हैं। नगर के मां शारदा (मैहर वाली) शक्तिपीठ परमानतपुर में इस बार यह पर्व 3 दिन तक मनाया जायेगा। इस आशय की जानकारी देते हुये शक्तिपीठ के प्रधान न्यासी सूर्य प्रकाश जायसवाल ने बताया कि भगवान श्री विष्णु के दशावतारों में सर्वप्रमुख पूर्णावतार 16 कलाओं से परिपूर्ण भगवान श्रीकृष्ण का माना जाता है जो द्वापर के अंत में हुआ। उन्होंने बताया कि गृहस्थजन (स्मार्त) श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 14 अगस्त को मनायेंगे। गोकुलाष्टमी (उदय काल में अष्टमी) 15 अगस्त को मनेगी। वैष्णवजन श्रीकृष्ण जन्म व्रत 16 अगस्त को करेंगे। रोहिणी नक्षत्र 15-16 अगस्त की रात 1.27 बजे लग रहा है जो 16 को रात 11.50 बजे तक रहेगा। तीन दिवसीय उत्सव के लिये मन्दिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। भगवान श्रीकृष्ण की अलौकिक लीला से जुड़ी कहानियों की श्रद्धालुओं के समक्ष जीवंत प्रस्तुति हेतु विद्युत चालित झांकियां सजायी गयी हैं।

No comments

Post a Comment

Home