विद्यालय निरीक्षण में बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित हुए बीएसए समीर

विद्यालय निरीक्षण में बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित हुए बीएसए समीर
फटाफट जवाब देकर विद्यार्थियों ने जीती सराहना, एफएलएन प्रशिक्षण में शिक्षकों को दिए गुणवत्ता पूर्ण शिक्षण के निर्देश
सिकरारा (जौनपुर)। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर एवं ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) सिकरारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं बीआरसी में आयोजित एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों को गुणवत्ता पूर्ण एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण पर जोर देने के निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर में बीएसए ने कक्षा 3 की अंग्रेजी कक्षा का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से अंग्रेजी की पुस्तक पढ़वाई और व्याकरण से जुड़े प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ पाठ पढ़ते हुए सभी प्रश्नों के सही उत्तर दिए, जिससे बीएसए ने विद्यालय में हो रहे पठन-पाठन की सराहना की।
इसके बाद उन्होंने कक्षा 2 का निरीक्षण किया। बच्चों से दीवारों पर लगे लर्निंग पोस्टर पढ़वाए तथा हिंदी और अंग्रेजी की कविताएँ सुनाने को कहा। विद्यार्थियों ने बिना किसी झिझक के सभी गतिविधियों में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
निरीक्षण के बाद बीएसए ने बीआरसी कार्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एफएलएन प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त नवाचारों एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि बच्चों के आधारभूत भाषा एवं गणितीय कौशल का समुचित विकास सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर के प्रधानाध्यापक अमित सिंह, शिक्षिका आराधना उपाध्याय, मंजू जैसवार, गजाला बानो, नेहा जायसवाल तथा शिक्षक श्यामधर यादव, माधुरी सिंह एवं मनोज कुमार उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home