पूर्व सांसद के पौत्र व वधू ने की आत्महत्या, कारण अज्ञात


जौनपुर। जनपद के पूर्व सांसद कमला प्रसाद सिंह के पौत्र व पौत्र बधु ने बीती रात लखनऊ में स्थित अपने निजी आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। यह खबर जौनपुर पहुंचते ही जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गयी। पति-पत्नी ने क्यों मौत को गले लगाया है, इस पर रहस्य बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व सांसद कमला प्रसाद सिंह के पौत्र व टीडी कालेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अनिल सिंह का पुत्र राहुल सिंह लखनऊ के एक प्राइवेट कम्पनी में काम करता था। एक वर्ष पूर्व उसकी शादी जनपद सुल्तानपुर के जगदीशपुर में हुई थी। शादी के बाद दोनों लखनऊ के गोमती नगर इलाके में स्थित अपने निजी आवास में रहते थे। साथ में उसका छोटा भाई अभिनव सिंह साहिल भी रहता था। साहिल बीते शनिवार को किसी काम से जौनपुर के लिये बस से रवाना हुआ कि उधर बीती रात को पति-पत्नी में विवाद हो गया। इसके चलते राहुल ने फांसी लगा लिया जिसे बचाने का पत्नी ने बहुत प्रयास किया लेकिन असफल रही। उसने साहिल को फोन पर घटना की जानकारी देते ही खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह सूचना मिलते ही साहिल सीधे लखनऊ रवाना हो गया जो रास्ते में अपने पिता अनिल सिंह को इसकी जानकारी दी। यह मनहूस खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया जिसके बाद पिता अनिल सिंह, बड़े पिता विनय सिंह समेत परिवार के कई लोग लखनऊ रवाना हो गये। पति-पत्नी किस बात को लेकर मौत को गले लगाये, यह समाचार लिखे जाने तक रहस्य बना हुआ था। फिलहाल घटना की जानकारी होने पर पहुंची इलाका पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया।

No comments

Post a Comment

Home