पत्रकारिता के प्रति समर्पण की भावना होनी चाहिए : उपेन्द्र राय


भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि यह पत्रकारिता का डिजिटल युग है और इसमें समाज का प्रवेश हर्ष का विषय है। इस पत्र के पत्रकारों ने सदैव मिशन की पत्रकारिता की है और अब यह कार्य प्रिंट के साथ ही पोर्टल के माध्यम से करता रहेगा। उन्होंने विश्वसनीयता पर आंच न आने देने की सलाह देते हुए कहा कि बीते 97 सालों से ओडिशावासियों की सेवा में रहने वाला समाज समाचार पत्र का पोर्टल अपने पाठकों की कसौटी में खरा उतरेगा। उन्होंने समाज टीम को बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रयास ओडिशा के इस पत्र समूह को काफी ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। खुशी की बात तो यह है कि अब लोग समाज की खबरों को उड़िया, हिंदी और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में पढ़ सकेंगे। मुख्यमंत्री पटनायक ने यहां कीट विश्वविद्यालय भुवनेश्वर में समाज पोर्टल का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि के आसन से बोलते हुए उन्होंने कहा डिजिटल युग में मीडिया को आगे आना चाहिए।
मुख्यवक्ता तहलका के सीईओ तथा प्रधान संपादक उपेंद्र राय ने कहा कि पोर्टल का कंटेंट और उसे लगातार अपडेट करने से देश की टॉप की वेबसाइट में समाज न्यूज पोर्टल भी शुमार होगा। इसके लिए पत्रकारिता के प्रति समर्पण की भावना होनी चाहिए। ब्रेकिंग या एक्सक्लूसिव न्यूज से तमाम लोगों व संस्थानों को समाज अपनी खबरें दे सकता है। प्रतिस्पर्धा की होड़ में विश्वसनीयता पर आंच नहीं आनी चाहिए। श्री राय ने आगे कहा कि आपके पास, आपकी ही भाषा में एक बेहतरीन वेबसाइट रेगुलर अपडेट होती है तो यकीन मानिये आप एक बढ़िया ऑनलाइन माध्यम विकसित कर चुके हैं। समाज परिचालन बोर्ड के चेयरमैन दीपक मालवीय ने कहा कि 97 वर्ष की आयु पूरा कर चुके उड़िया दैनिक समाज का डिजिटल अवतार न्यूज पोर्टल samajalive.in के रूप में हो चुका है। भले ही डिजिटल मीडिया में थोड़ा देर से आए हों पर विश्वसनीयता की कसौटी पर समाज आपके सामने सदैव ही खरा उतरा है और आगे भी ऐसा होता रहेगा। यह पोर्टल आपकी अपनी भाषा उड़िया के साथ हिंदी और अंग्रेजी में भी होगा। रिच कंटेंट के साथ खबर को पहले आप तक सबसे पहले पहुचाने की यह कोशिश आपके सहयोग के बिना संभव नहीं है। पाठकों का दायरा बढ़ेगा। कीट संस्थापक डा.अच्युत सामंत ने युवा वर्ग को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। कार्यकारी सचिव भीमसेन यादव ने कहा कि हम यकीन दिलाते हैं कि समाज पोर्टल समाचार पत्र की तरह ही अपनी विश्वसनीयत निर्भीकता और निष्पक्षता पर आंच नहीं आने देगा। प्रिंटर पब्लिशर निरंजन रथ ने स्वागत भाषण में कहा यह समाज पत्र समूह पत्रकारिता के आदर्श मानक बनाए रखते हुए अपना काम करेगा।

No comments

Post a Comment

Home