पिलकिछा घाट के पुल के पाये में फंसी मिली युवती की लाश


जौनपुर। पिलकिछा घाट के पुल के पाये में शुक्रवार को लगभग 19 वर्षीय युवती की लाश फंसी देख ग्रामीणों में सनसनी फैल गयी। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती आसमानी नीले रंग का समीज व काले रंग की लोवर टाइप का सलवार एवं नारंगी रंग की ओढ़नी पहनी थी। घण्टों प्रयास के बाद उसकी शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। जानकारी के अनुसार उक्त पुल के बगल श्मशान घाट है जहां शुक्रवार को शव दाह करने आये कुछ लोगों ने पाये में फंसे शव को देखकर आस-पास के लोगों को बताया। धीरे-धीरे मौके पर दर्जनों लोग जमा हो गये जहां पहुंचे थानाध्यक्ष धनीराम वर्मा ने नाविकों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतका के शरीर पर कहीं भी किसी प्रकार के कोई चोट के निशान नहीं हैं। इसको लेकर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। पुलिस भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रही है। फिलहाल सभी लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इन्तजार कर रहे हैं।

No comments

Post a Comment

Home