कट्टा, चोरी की मोटरसाइकिल, नगदी के साथ दो लूटेरे गिरफ्तार


जौनपुर। जनपद पुलिस ने लूट करने वाली अंतरजनपदीय गैंग का पर्दाफाश करते हुये दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इन लोगों का एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने इनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिल, दो असलहा और 7 हजार रूपये नगद बरामद किया है। पुलिस के अनुसार ये जौनपुर समेत पूर्वांचल के अन्य जनपदों में बेखौफ होकर लूट और डकैती की घटना को अंजाम देते हैं। इस बाबत पत्रकारों से वार्ता करते हुये आरक्षी अधीक्षक अतुल सक्सेना ने बताया कि बीते 26 दिसम्बर 2016 को बक्शा थाना क्षेत्र के सवंसा मोड़ के पास से एक माइक्रो फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारियों से इन बदमाशों ने दिनदहाड़े 30 हजार रूपया लूटकर पुलिस को खुली चुनौती दिया था। इसके साथ ही 19 जनवरी 2017 को हैदरपुर से फाइनेंस का पैसा वसूलने वाले कर्मचारी से 54000 रुपया और 27 मार्च 2017 को सवंसा मोड़ के पास से 42000 रुपया लूट लिया था। इन लूटकाण्डों का पर्दाफाश करने के लिये जुटी टीम ने लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कलीचाबाद पुलिया के पास से एक मोटरसाइकिल पर सवार इन दो बदमाशों को पकड़ लिया जबकि एक अन्य मोटरसाइकिल सवार इनका साथी मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि पकड़े गये बदमाशों में सर्वेश कुमार उर्फ गोरे लाल हरिजन पुत्र रामहित हरिजन निवासी कोठीया तारा, थाना बक्शा और सतीश गोड़ पुत्र श्रीराम गोड़ निवासी गढ़ा सैनी, थाना बक्शा हैं। वहीं फरार बदमाश आलोक रंजन पुत्र अज्ञात निवासी थाना बक्शा है। पुलिस टीम को बधाई देते हुये आरक्षी अधीक्षक ने बताया कि दोनों को चालान न्यायालय भेज दिया।

No comments

Post a Comment

Home