फायर जागरुकता रैली को जिलाधिकारी ने किया रवाना


जौनपुर। फायर स्टेशन चौकियां से अग्निशमन विभाग द्वारा शनिवार को फायर जागरुकता रैली निकाली गयी जिसको जिलाधिकारी डा. बलकार सिंह व आरक्षी अधीक्षक अतुल सक्सेना ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जिला अग्निशमन अधिकारी कृष्णकान्त ओझा ने बताया कि आग से बचाव के लिये सुरक्षित जीवनशैली एवं प्रमाणित विद्युत उपकरण अपनायें। बिजली की शार्ट सर्किट में ओवरलोडिंग न होने दें। इससे शार्ट सर्किट हो सकता है जिससे आग भी लग सकती है। प्रत्येक उपकरण के लिये अलग सर्किट का इस्तेमाल करें। प्रत्येक कमरे के लिये एक स्वतंत्र सर्किट बनायें। बिजली के उपकरणों को चालू हालत में अकेला न छोडे़ं। इस्तेमाल के बाद सभी उपकरणों के स्विच बन्द कर दें। प्लग निकाल दें। यह आग से सुरक्षा का सबसे अच्छा उपाय है। इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी राज प्रकाश राय ने बताया कि बिजली का स्विच व फ्यूज सही क्षमता का लगायें। किसी भी दशा में पण्डाल 3 मीटर से कम ऊंचाई में नहीं लगाया जाय। पण्डाल बनाने में सिन्थेटिक सामग्री का बना कपड़ा या रस्सी का प्रयोग नहीं किया जाय। पण्डाल के चारों तरफ 4.5 मीटर का खुला स्थान होना चाहिये जिससे लोग सुरक्षित बाहर निकल सकें। पण्डाल बिजली के लाइन के नीचे किसी भी दशा में न लगाया जाय। कोई पण्डाल रेलवे लाइन, बिजली के सब स्टेशन, चिमनी या भट्ठी से कम से कम 15 मीटर दूर लगाया जाय। बाहर निकलने का गेट 5 मीटर से कम चौड़ा न हो और अगर रस्ता महराबदान बनाया जाय तो भूमि तल से ऊंचाई 5 मीटर से कम नहीं होनी चाहिये। आरक्षी अधीक्षक अतुल सक्सेना ने बताया कि बहुमंजिली भवनों में अग्नि सुरक्षा के लिये सामान को सुव्यवस्थित रखना सुनिश्चित करें। धूम्रपान के समय सदैव ऐश-ट्रे का प्रयोग करें तथा जलते सिगरेट के टुकडे़ को पूर्ण रुप में बुझा दें। सभी कूडे़दान को निश्चित समय पर खाली कर दिया जाय। खराब विद्युत उपकरणों को तुरन्त ठीक कराना अथवा बदल देना चाहिये, बिजली का स्विच व फ्यूज सही क्षमता का लगना चाहिये। ग्रामीण क्षेत्र के लिये अग्नि निरोधक व अग्निशमन सिद्धांत के लिये बताया कि बिस्तर पर लेटकर धूम्रपान मत कीजिये। हुक्का पीने के पश्चात चिलम की आग को पूर्ण रुप से बुझा दें। जलती बीड़ी व सिगरेट के टुकड़े को पैर से कुचल कर पूर्ण रुप से बुझाकर कर फेंकिये। खलिहान के पास पानी के भरे साधनों को निकट लगायें। जिलाधिकारी डा. बलकार सिंह ने निर्देशित किया कि जिला अग्निशमन अधिकारी एवं पेट्रोलियम वितरक समिति के सहयोग से जिले के सभी पेट्रोल पम्पों पर बैनर लगवाया जाय जिसमें आग लगने पर टेलीफोन नम्बर 05452-269999, 9454418612 एवं 101, 100, 102, 108, 1090 पर सूचना दी जा सकती है। इस अवसर पर अपर आरक्षी अधीक्षक ग्रामीण अरुण श्रीवास्तव के अलावा तमाम विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home