संघ के विचारक इंद्रेश कुमार ने मोहम्मद हसन कालेज स्थित गौशाला का किया निरीक्षण


जौनपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारक एवं राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के अध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने कहा कि पूरे देश में गो-हत्या को रोकने के लिए लोगों को जागरुक करने की जरुरत है। खासकर मुस्लिम बंधुओं से उन्होंने अपील किया कि मक्का मदीना में गौ-हत्या पर जब पूरी तरह प्रतिबंध है तो यहां पर क्यों नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि इस्लाम ने हमेशा अमन और शांति का पैगाम दिया है और कुछ अराजक तत्वों ने इस्लाम का नाम बदनाम करने के लिए तरह-तरह के हथकण्डे अपनाये हैं उनसे हम सबको सतर्क रहने की जरुरत है। ट्रिपल तलाक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस्लाम में महिलाओं का सम्मान करने की बात कही गयी है और महिलाओं पर जो भी अत्याचार करता है उसे इस्लाम इजाजत नहीं देता। यही वजह थी कि पैगम्बरे इस्लाम साहब के जमाने में एक भी तलाक की घटनाएं सामने नहीं आयी थी। ऐसे में लोगों को समझना चाहिए कि इस्लाम ने क्या पैगाम दिया है। इंद्रेश कुमार सोमवार को नगर के मोहम्मद हसन इण्टर कालेज में आयोजित एक गोष्ठी को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से पूरे देश में सभी धर्म व जाति के लोग मिलकर गौ हत्या रोकने की वकालत कर रहे है उसका हम सबको सम्मान करने की जरुरत है। शिया हो या सुन्नी हो, अजमेर शरीफ के सज्जादानसीन हो या फिर लखनऊ के मौलाना हमीदुल हसन साहब हो सभी ने एक स्वर से गौ-हत्या व उसके मांस के सेवन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की वकालत की है। ऐसे में हम सबको भी यह विचार करना होगा कि हमें क्या करना चाहिए। आज जरुरत है अल्पसंख्यकों में शिक्षा की, रोजगार की और अच्छा भविष्य बन सके इसके लिए सबको चिंता करने की जरुरत है। हमारे समाज में कुछ ऐसे लोग है जो देश में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के साथ-साथ आतंकवादी कसाब, याकूब मेनन व बुरहान वानी जैसे लोग है जिन्होंने देश के खिलाफ काम किया तो वहीं दूसरी ओर डा. एपीजे अब्दुल कलाम, मौलाना अबुल कलाम आजाद, वीर अब्दुल हमीद जैसे लोग भी है जिन्होंने अपने देश की खातिर अपनी जान को बलिदान करने से भी पीछे नहीं हटे। ऐसे में हम अपने बच्चों को कैसा भविष्य देखना चाहते है यह तय करने की जरुरत है। आजम खां द्वारा अपनी गाय को दान करने पर उन्होंने कहा कि उन्हें एक सच्चा मुसलमान बनने की जरुरत है। आजम खां ने हमेशा देश का माहौल खराब करने वाला बयान दिया है और वह जिस तरह से वे मुसलमानों के रहनूमा बनने की बात करते है उसे शायद ही कोई मुसलमान मानने को तैयार होगा। इससे पूर्व इंद्रेश कुमार ने कालेज परिसर में बनी गौशाला का निरीक्षण किया और वहां गायों, बछड़ों को चारा व गुड़ खिलाकर गौ माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। कालेज परिसर में पहुंचने पर प्राचार्य डा. अब्दुल कादिर खान, इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य डा. नासिर खान ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्ष योगी देवनाथ ने किया तथा विशिष्ट अतिथि के रुप में पूर्व कुलपति वीबीएसपीयू प्रो. पीसी पातंजलि, प्रो. यूपी सिंह, प्रो. आरके पाण्डेय मौजूद रहे। इस मौके पर डा. कमर अब्बास, राजेश श्रीवास्तव बच्चा भइया, साजिद हमीद, फैसल हसन तबरेज, आजम जैदी, रिजवान हैदर राजा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments

Post a Comment

Home