ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर बसपाइयों ने किया प्रदर्शन


जौनपुर। बसपा सुप्रीमो सुश्री मायावती के निर्देश पर मंगलवार को कलेक्टेªट परिसर में बसपा कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन करने के बाद जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन गत दिवस सम्पन्न हुये विधानसभा चुनाव में ईवीएम में गड़बड़ी किये जाने पर रहा। प्रदर्शन स्थल पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुये मुख्य अतिथि मिर्जापुर, इलाहाबाद, वाराणसी मण्डल के मुख्य जोन कोआर्डिनेटर व राज्यसभा सदस्य मुनकाद अली ने कहा कि भाजपा ने ईवीएम में छेड़छाड़ करवाकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत की आत्मा को मारने का काम किया है। देश में सबसे पहले ईवीएम द्वारा हुये गड़बड़ी पर आवाज बसपा सुप्रीमो मायावती ने उठाकर इस देश व प्रदेश की जनता को जागरूक करने का काम किया है। इस मौके पर भारी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं में दम भरते हुये श्री अली ने कहा कि बसपा का कोई भी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपने आपको कमजोर न समझे। धरनासभा का संचालन महामंत्री संग्राम भारती ने किया। इस अवसर पर मुंगराबादशाहपुर की विधायक सुषमा पटेल, पूर्व एमएलसी वीरेन्द्र चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टण्डन, रामफेर गौतम, लालजी यादव, उर्मिला राज, संजीव उपाध्याय, दीपचन्द राम, पारसनाथ पासी, युवा नेता मिर्जा जावेद सुल्तान, तनवीर हसन, सलीम खान, अवधेश चन्द्र भारद्वाज, अरशद कुरैशी, शम्भूनाथ कश्यप, परशुराम नागर, पल्टू राम एडवोकेट, उग्रसेन चौहान, विजय दत्त मौर्या, जय प्रकाश सिंह, संजय राजभर, कैलाश पाल, ज्ञानसागर सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। अन्त में जिलाध्यक्ष अमरजीत गौतम ने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments

Post a Comment

Home