अधिकारी सीयूजी मोबाइल फोन सदैव खुला रखेंः डीएम


जौनपुर। जिलाधिकारी डा. बलकार सिंह ने बताया कि जनसामान्य द्वारा अपनी विभिन्न प्रकार की समस्याओं के समाधान हेतु सम्बन्धित अधिकारियों के सीयूजी अथवा उनके मोबाइल फोन पर सम्पर्क करने का प्रयास किया जाता है। प्रायः इस आशय की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि सम्बन्धित जनपदस्तरीय अधिकारियों द्वारा उनके फोन रिसीव नहीं किये जाते हैं अथवा मोबाइल स्विच आफ रहते हैं। इस प्रकार जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित एवं समुचित ढंग से निस्तारण न होने की स्थिति में उनके द्वारा जनपद, मण्डल, शासन स्तर के उच्चस्तरीय अधिकारियों को शिकायतें दर्ज करायी जाती हैं जो खेदजनक है। जनसामान्य की शिकायतों को त्वरित एवं समयबद्ध ढंग से प्राथमिकता के स्तर पर निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में है। ऐसी स्थिति में इस ओर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिये। जिलाधिकारी डा. सिंह ने समस्त सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपना सीयूजी/मोबाइल फोन सदैव खुला रखें तथा फोन आने पर उसे प्रत्येक दशा में रिसीव करें एवं यदि किसी अपरिहार्य (बैठक आदि में रहने) स्थिति में फोन रिसीव नहीं हो पाता है तो खाली होने पर कालबैक कर उन्हें सुनें तथा प्राप्त शिकायतों को संज्ञान में लेकर उसका त्वरित एवं समयबद्ध ढंग से प्राथमिकता स्तर पर नियमानुसार निस्तारण/समाधान सुनिश्चित करायें। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि भविष्य में इस आशय की शिकायतें प्राप्त न हो कि अमुक अधिकारी का फोन रिसीव नहीं हो रहा है अथवा स्विच ऑफ है। उक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाय।

No comments

Post a Comment

Home