जहांगीराबादवासियों में 24 साल बाद एक बार जगी समस्या से निजात की आस


जौनपुर। सूबे में भाजपा की सरकार बनने के बाद जनपद में अवैध ढंग से चल रहे स्लाटर हाउस सहित खुले में बिना लाइसेंस के चल रहे मांस की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने के बाद अब जौनपुर नगर के जहांगीराबाद के वासियों की आस एक बार पुनः जग गयी। हालांकि क्षेत्रीय लोगांे की शिकायत पर वर्ष 1993 में ही तत्कालीन जिलाधिकारी के अलावा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी एवं संयुक्त सचिव उत्तर प्रदेश शासन द्वारा उक्त मोहल्ले के मीट मार्केट को बंद करके कहीं अन्यत्र एकांत में खोलने का आदेश दे दिया गया था। भला हो नगर पालिका परिषद जौनपुर के उस समय के अधिशासी अधिकारी का जिन्होंने कुछ पैसों की लालच एवं कुछ लोगों के दबाव में असमर्थता जताते हुये मनमाने ढंग से रिपोर्ट लगवाकर सभी की बोलती बंद कर दी थी जबकि उसी समय के अधिकांश दुकानदारों ने दुकान हटवाने पर अपनी सहमति भी दी थी लेकिन सब हवा-हवाई रहा। फिलहाल आज की स्थिति एकदम दयनीय हो गयी है, क्योंकि उक्त गली में जनपद के सबसे बड़े मण्डी के रूप में दूध, पनीर, घी, छेना की दुकानों के बीच मीट व मुर्गे की दर्जनों दुकानंे हावी हो गयी हैं। कहने को तो उक्त गली में नगर पालिका की 6 दुकानें हैं जिनमें से 2 बंद रहती हैं लेकिन क्षेत्रीय कुछ लोगांे द्वारा लालच में आकर अपने मकान के नीचे आधा दर्जन से अधिक दुकानें खोलवाकर किराये पर दे दी गयी हैं जो नियम के खिलाफ है। इतना ही नहीं, कुछ तो गुमटी में रखकर मुर्गा आदि को खुलेआम काटकर बेचा जा रहा है। क्षेत्रीय लोगों की मानें तो शिकायत पर वर्ष 1993 में ही उक्त दुकानों को यहां से हटाकर कहीं अन्यत्र एकांत में खोलने का आदेश जारी हो गया था लेकिन तत्कालीन अधिशासी अधिकारी की मनमानेपन से सब बेकार हो गया। फिलहाल आज उत्तर प्रदेश के अवैध स्लाटर हाउस सहित खुले में बिना लाइसेंस के चल रहे मांस की दुकानों के खिलाफ चलाये गये अभियान से जहांगीराबादवासियों की आस एक बार पुनः जग गयी है। क्षेत्रीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन, जिलाधिकारी, मण्डलायुक्त वाराणसी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड वाराणसी, प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश, नगर विकास मंत्री उत्तर प्रदेश शासन, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन से मांग किया है कि मोहल्लेवासियों सहित आस-पास के लिये समस्याओं का जाल बने मीट मार्केट को हटाकर अन्यत्र एकांत खोलवाने की कृपा करें।

No comments

Post a Comment

Home