लखनऊ। समाजवादी मजदूर सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक लखनऊ स्थित दारुल सफा सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मल्होत्रा उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता समाजवादी मजदूर सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल निगम वारसी ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय महासचिव अमित यादव ने किया।
बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों, संगठन की मजबूती और विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रदेश के प्रत्येक जनपद में समाजवादी मजदूर सभा का विस्तार करने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
मुख्य अतिथि विधायक रविदास मल्होत्रा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान, महिलाएं और खिलाड़ी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता का भाजपा से मोहभंग हो चुका है और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए जनता उत्सुक है।
सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा का संकल्प
राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल निगम वारसी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को क्रांतिकारी शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे समाजवादी विचारधारा और आदर्शों को प्रदेश के प्रत्येक मजदूर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राष्ट्रीय महासचिव अमित यादव ने अपने संबोधन में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति आंदोलन के ऐतिहासिक नारे ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक परिवर्तन और जनचेतना की भावना के साथ PDA आंदोलन में एक नया संकल्प गूंज रहा है— ‘सिंहासन खाली करो, समाजवादी आ रहे हैं!’
उन्होंने कहा कि यह नारा सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों और PDA की एकजुटता के संकल्प को अभिव्यक्त करता है। समाजवादी मजदूर सभा का उद्देश्य मजदूरों, किसानों, नौजवानों, शोषितों, वंचितों तथा समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाना है।
अमित यादव ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, समर्पण और एकजुटता के साथ समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक तैयारियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना आवश्यक है।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मीनू भारती, इसरार मलिक, राहुल रावत, यदुवेंद्र यादव, कृष्ण मोहन श्रीवास्तव, विद्यानाथ कमल, राकेश सिंह कुशवाहा, डॉ. अभिषेक कुमार शर्मा, रीना कौर, फरजान रईस हैदर, आजाद राय, महिमा शर्मा, चांद सैफी, इन्द्रेश पुष्कर, संदीप कुमार श्रीमाली, रविंद्र राजपूत, अवधेश कोरी, प्रमोद अग्रहरि, फरहान सिद्दीकी और जितेंद्र कुमार चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment