जौनपुर। नगर पालिका परिषद जौनपुर के वार्ड उर्दू बाजार स्थित मोहल्ला उमर खाँ बड़ी मस्जिद के पास वर्षों पुरानी जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। यहां पिछले करीब 10 वर्षों से नाली के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई थी।
मोहल्लेवासियों के मुताबिक, नाली का पानी सड़कों पर जमा होकर लोगों के घरों के दरवाजे तक पहुंच जाता था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती थी। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय सभासद मनीष देव मंगल के प्रयास से अब इस समस्या के समाधान की दिशा में सीवर निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। सभासद ने बताया कि मोहल्ले के लोगों ने जलभराव और नाली की निकासी की समस्या को लेकर शिकायत की थी। जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए इसका प्रस्ताव नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के समक्ष रखा गया, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
निर्माण कार्य शुरू होने से मोहल्लेवासियों में राहत की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर व्यवस्था तैयार होने के बाद वर्षों पुरानी जलनिकासी की समस्या से छुटकारा मिलने की उम्मीद है। लोगों ने उम्मीद जताई कि कार्य पूरा होने के बाद मोहल्ले में जलभराव की समस्या समाप्त होगी और आवागमन भी सुगम होगा।
No comments
Post a Comment