सिरकोनी (जौनपुर)। विकास खंड सिरकोनी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय खलीलपुर में विद्यालय के पुरातन छात्र आनंद दुबे के सब इंस्पेक्टर पद पर चयनित होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने आनंद दुबे एवं उनके पिता का माल्यार्पण कर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने आनंद दुबे की सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्रों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह में आनंद दुबे ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा निरंतर परिश्रम को दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे विद्यालय परिवार ने आनंद दुबे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
No comments
Post a Comment