जौनपुर: स्कूल चलो अभियान (फेज-2) के तहत सेहमलपुर में निकली जागरूकता रैली, शिक्षा का दिया संदेश

सिरकोनी, जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में विकास खंड सिरकोनी के कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 1 से 8) सेहमलपुर में स्कूल चलो अभियान (फेज-2) के अंतर्गत शुक्रवार को जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराना तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए अभिभावकों को जागरूक करना रहा।
रैली का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ। इसमें विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लिए प्रतिभागियों ने पूरे गांव का भ्रमण करते हुए लोगों को बच्चों को विद्यालय भेजने तथा गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क शिक्षा का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित किया।
रैली के दौरान ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रहितकारी योजनाओं जैसे निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, विद्यालय बैग, मध्यान्ह भोजन सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने और नियमित रूप से विद्यालय भेजने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एवं सफल संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री रईस खान ने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए विद्यालय परिवार निरंतर प्रयासरत रहेगा।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home