जौनपुर, 30 जून। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जौनपुर में दानवीर शिरोमणि भामाशाह की जयंती 'व्यापारी कल्याण दिवस' के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई। राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित समारोह में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि तथा जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में व्यापारियों के योगदान और दानवीर भामाशाह के आदर्शों पर प्रकाश डाला। राज्य कर विभाग के उपायुक्त अक्षय लाल ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।
समारोह में जनपद के आर्थिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 8 बड़े करदाताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथियों ने व्यापारियों के हित, सुरक्षा और उनके योगदान पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में संस्कृति विभाग की ओर से राहुल पाठक ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। संचालन उपायुक्त राज्य कर वरुण कुमार त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर राज्य कर विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा जिले के विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
समारोह के अंत में सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्र और समाज के विकास में व्यापारियों की भूमिका को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
No comments
Post a Comment