जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर, कुँवर अनुपम सिंह (@ipskunwaranupam) ने आज थाना जफराबाद क्षेत्र के अंतर्गत अखड़ो धाम स्थित जमैथा पुलिस चौकी का भव्य उद्घाटन किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्त, थाना प्रभारी सृष्टि जैन तथा थानाध्यक्ष जफराबाद श्रीप्रकाश शुक्ला सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
नवस्थापित चौकी क्षेत्रीय ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग और क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए स्थापित की गई है। यह स्थान गौराबादशाहपुर और केराकत को जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्ग पर स्थित है, जहां यातायात एवं आवागमन काफी रहता है।
इसके अलावा, यह क्षेत्र महर्षि परशुराम के पिता जमदग्नि ऋषि की तपोस्थली एवं अखड़ो माता मंदिर के लिए प्रसिद्ध है, जहां मेलों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान भारी भीड़ जुटती है। साथ ही नदी किनारे स्थित होने के कारण यहां प्रभावी रात्रि चेकिंग और निगरानी की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
जमैथा चौकी के संचालन से सरैया, पहेतिया, भूलेमऊ, उत्तरगांवा, वजहुद्दीनपुर, जमैथा, नाथूपुर और वशीरपुर जैसे आसपास के गांवों में अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस सहायता और निगरानी व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
उद्घाटन के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जनता की सुरक्षा, संवेदनशीलता और प्रभावी पुलिसिंग को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
No comments
Post a Comment