जौनपुर: कलेक्ट्रेट परिसर में आधुनिक एनआईसी कार्यालय का लोकार्पण

जौनपुर, 20 अप्रैल 2026 — जनपद की तकनीकी कार्यकुशलता एवं प्रशासनिक सुगमता को सुदृढ़ करने की दिशा में आज कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के नवनिर्मित कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर मण्डलायुक्त वाराणसी श्री एस. राजलिंगम द्वारा वर्चुअल माध्यम से नवीन एनआईसी भवन का उद्घाटन किया गया, जबकि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने फीता काटकर विधिवत पूजन-अर्चन के साथ कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान पुजारी को अंगवस्त्रम भी प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में एनआईसी कार्यालय एक पुराने एवं जर्जर भवन में संचालित हो रहा था, जहां विशेषकर वर्षा ऋतु में छत से पानी टपकने के कारण तकनीकी उपकरणों, इंटरनेट कनेक्टिविटी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) में लगातार बाधाएं उत्पन्न होती थीं। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ‘क्रिटिकल गैप्स फंड’ के अंतर्गत इस आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त भवन का निर्माण कराया गया है।
नवीन कार्यालय में अत्याधुनिक सर्वर, उच्च गति इंटरनेट सुविधा तथा उन्नत वीसी कक्ष की व्यवस्था की गई है, जिससे शासन और जनपद प्रशासन के बीच निर्बाध संवाद सुनिश्चित होगा।
जिलाधिकारी ने जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं संबंधित कार्मिकों को परिसर में उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि द्वितीय चरण में एक हॉल के निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है, जिसका उपयोग बैठकों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन के लिए किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सुनील भारती, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रजनीश श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अरुण यादव, ईडीएम प्रतीक उपाध्याय सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं एनआईसी के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home