जौनपुर। खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं के अंतर्गत करीब 4 करोड़ रुपये लागत की पांच सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्री द्वारा जिन प्रमुख कार्यों का शिलान्यास किया गया, उनमें ग्राम कलापुर में भरौटी पूर्वी बस्ती संपर्क मार्ग के नवनिर्माण एवं अनुरक्षण का कार्य शामिल है, जिसकी अनुमानित लागत 1 करोड़ 52 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त ग्राम कलापुर में अनुसूचित बस्ती उत्तरी संपर्क मार्ग का निर्माण एवं अनुरक्षण भी कराया जाएगा।
इसी क्रम में ग्राम एत्मादपुर में यादव बस्ती संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य 1 करोड़ 25 लाख 52 हजार रुपये की लागत से कराया जाएगा। ग्राम दिदखोरा में चोलई का पूरा बस्ती संपर्क मार्ग का निर्माण 60 लाख 65 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित है।
नगर क्षेत्र के वार्ड मियांपुर में हरईपुर मुख्य मार्ग से मिथिलेश बिंद के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य भी इस योजना में शामिल है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
No comments
Post a Comment