जौनपुर, 31 जनवरी 2026 — समग्र शिक्षा माध्यमिक के अंतर्गत कैरियर गाइडेंस मेले का आयोजन रजा डीएम शिया इंटर कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की दूरदर्शी सोच के तहत माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के कैरियर मार्गदर्शन हेतु “पंख कार्यक्रम” की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से बच्चों की अभिरुचि एवं योग्यता के अनुरूप उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जीवन में कैरियर का सही चयन अत्यंत आवश्यक है और ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को उचित दिशा प्रदान करने में सहायक सिद्ध होते हैं। जिलाधिकारी ने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने पर बल देते हुए कहा कि इससे छात्र प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल पुष्पेंद्र सिंह (कीर्ति चक्र) ने विद्यार्थियों को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से कैरियर विकल्पों की जानकारी दी तथा सेना में सेवा के अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मेले में समस्त राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य अपने-अपने विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ स्टॉलों पर प्रदर्शनी मॉडल लेकर उपस्थित रहे। जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों द्वारा सभी स्टॉलों का क्रमवार अवलोकन कर छात्रों के कार्यों की सराहना की गई।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पांडेय, सह जिला विद्यालय निरीक्षक विवेक कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, प्रधानाचार्य आईटीआई मनीष कुमार पाल, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा डॉ. राजन सिंह, शिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अलमदार हुसैन नजर सहित अन्य प्रधानाचार्य एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment