जौनपुर में नए टीडीएस/टीसीएस प्रावधानों पर सेमिनार आयोजित

कलेक्ट्रेट सभागार में विभागाध्यक्षों व अधिकारियों ने लिया भाग
जौनपुर, 09 दिसम्बर 2025 – आयकर आयुक्त (टीडीएस) पुनीत कुमार तथा अपर आयकर आयुक्त (टीडीएस) लखनऊ सौरभ दूबे के निर्देशन में कलेक्ट्रेट सभागार में “संशोधन/नए सम्मिलित टीडीएस/टीसीएस प्रावधान एवं विभिन्न टैन के विरुद्ध लंबित बकाया माँगों” विषय पर एक आउटरीच कार्यक्रम/सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार में वित्त अधिनियम 2025 के अनुसार नए सम्मिलित टीडीएस/टीसीएस प्रावधानों एवं संशोधनों की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी गई। अधिकारियों ने विभिन्न टैन पर लंबित बड़ी माँगों, कई बार दाखिल किए गए सुधार विवरण, तथा पूर्व में पाए गए गैर-अनुपालन जैसे बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए उनके संभावित प्रभावों से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम में डीडीओ एवं लेखाधिकारियों ने माँगों के दोहराव, गलत टैन नंबर के विरुद्ध माँग प्रस्तुत करने तथा टीडीएस प्रावधानों से जुड़े संशयों को रखा, जिनका विभागीय टीम द्वारा समाधान किया गया। आयकर अधिकारी संतोष कुमार पांडेय ने विषय से संबंधित प्रावधानों व सामान्य त्रुटियों के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर अपर जिला जज अनिल कुमार यादव, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, वरिष्ठ कोषाध्यक्ष उमा शंकर सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, आहरण-वितरण अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home