नगरपालिका का नया प्रयास, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि
जौनपुर। त्योहारों तथा पतंगबाजी के दौरान मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर पालिका द्वारा शास्त्री पुल पर स्टील वायर लगाकर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे पुल से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को किसी भी प्रकार की दुर्घटना का जोखिम न रहे। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि आए दिन मांझे से घायल होने तथा कई मामलों में मौत जैसी गंभीर घटनाएँ सामने आती रही हैं। इन घटनाओं की रोकथाम के लिए पुल पर स्टील वायर लगाने का निर्णय लिया गया है, जिससे उड़ता हुआ मांझा सबसे पहले सुरक्षा वायर से टकराएगा और सड़क पर चल रहे लोगों तक नहीं पहुँच पाएगा। नगर पालिका का यह प्रयास शहर में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस कदम का स्वागत किया है।
No comments
Post a Comment