जौनपुर से अटेवा/NMOPS रैली के लिए बड़ा काफ़िला दिल्ली रवाना
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शिक्षकों-कर्मचारियों में उत्साह
जौनपुर, प्रतिनिधि।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा/NMOPS द्वारा 25 नवंबर को जंतर-मंतर, नई दिल्ली में प्रस्तावित रैली के लिए जौनपुर से शिक्षक-कर्मचारियों का बड़ा काफ़िला रविवार को राजधानी के लिए रवाना हुआ। प्रस्थान के दौरान जौनपुर जंक्शन पर “जय युवा, जय अटेवा/NMOPS” के नारे देर शाम तक गूंजते रहे।
जिला महामंत्री इंदु प्रकाश यादव और जिला कैडर प्रभारी व रैली प्रभारी टी. एन. यादव के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षकों-कर्मचारियों ने ट्रेन के माध्यम से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया। नेताओं ने कहा कि यह रैली पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को निर्णायक मोड़ देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नेताओं ने प्रस्थान से पूर्व कहा कि—
“रामलीला मैदान की ऐतिहासिक भीड़ जिसने देखी है, वह अब जंतर-मंतर पर नया इतिहास बनते देखेगा। शिक्षक-कर्मचारी की आवाज़ इस बार संसद तक पहुंचेगी।”
आंदोलनकारियों ने सवाल उठाया कि आखिर शिक्षक, कर्मचारी और सैनिकों को बार-बार दिल्ली आकर अपनी मांगें उठानी क्यों पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली अब सिर्फ मांग नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा का सवाल बन चुकी है। काफ़िले में शामिल शिक्षकों-कर्मचारियों ने कहा—
“हम असुरक्षित भविष्य स्वीकार नहीं करेंगे। यह संघर्ष सेवा-निवृत्ति के सम्मान और अधिकार के लिए जारी रहेगा।”
जौनपुर से रवाना यह दल 25 नवंबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विशाल रैली में हिस्सा लेगा, जहाँ पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर बड़ा जनसमूह जुटने की संभावना है।
No comments
Post a Comment