विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने दिया नारा — "स्वदेशी अपनाएं, भारत को विश्व गुरु बनाएं"
जौनपुर, 13 अक्टूबर 2025। बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में चल रहे जनपद स्तरीय यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला के पांचवें दिन सोमवार को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा0 विधायक बदलापुर श्री रमेश चंद्र मिश्र, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम स्थल पर टी.डी. इंटर कॉलेज के एनसीसी छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक ढंग से पगड़ी, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह देकर अतिथियों का स्वागत किया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि सहित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मेले में लगे जनपद के उद्यमियों तथा विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान कृषि विभाग द्वारा जनसमृद्ध कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के डायरेक्टर सुदर्शन यादव को फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत ट्रैक्टर की सांकेतिक चाबी प्रदान की गई, जिसके अंतर्गत शासन से ₹8 लाख की अनुदान राशि दी गई।
साथ ही सीएम उद्यमी योजना के तहत संजू चौहान और अनुराग सिंह को सांकेतिक रूप से चेक वितरित किए गए।
विधायक श्री मिश्र ने कहा — “प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जी द्वारा स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया गया है। हमें भारत में निर्मित वस्तुओं का प्रयोग कर देश को विश्व गुरु बनाने में योगदान देना चाहिए।”
पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर ने कहा कि “स्वदेशी मेले में युवा उद्यमियों की भागीदारी सराहनीय है। ऐसे आयोजन बदलापुर महोत्सव और अन्य तहसीलों में भी किए जाने चाहिए।”
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने लोगों से अपील की कि वे मेला अवश्य भ्रमण करें, स्वदेशी उत्पादों की खरीद करें और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने मा0 विधायक सहित अतिथियों को अपनी पुस्तक ‘कर्मकुंभ’ भेंट की।
इस दौरान अतिथिगणों ने विभिन्न स्टालों से खरीदारी भी की। मेले में बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
व्यवस्था संचालन में एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सतेंद्र सिंह, प्रो. आर.एन. त्रिपाठी, महामंत्री सुशील मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार, जयप्रकाश सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment