जिलाधिकारी के नेतृत्व, विश्वास एवं प्रयास से समर्थ पोर्टल पर अपने सुझाव देने में जौनपुर जनपद पहुंचा शीर्ष पर
जौनपुर, 16 अक्टूबर 2025 – मा० प्रधानमंत्री जी तथा मा० मुख्यमंत्री जी के “विकसित भारत – विकसित उत्तर प्रदेश 2047” के संकल्प को साकार करने की दिशा में जौनपुर ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जनपदवासियों के सक्रिय सहयोग और सकारात्मक सुझावों से समर्थ पोर्टल पर जौनपुर जनपद प्रदेश में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने इस उपलब्धि पर समस्त जनपदवासियों, उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि “माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा और मुख्य सचिव के निर्देशन में समर्थ पोर्टल की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। यह सफलता जनसहयोग, विश्वास और टीमवर्क का परिणाम है, जिसके माध्यम से हम विकसित भारत की दिशा में अग्रसर हैं।”
जिलाधिकारी ने मीडिया बंधुओं का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजागरूकता बढ़ाने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने सभी से अपील की कि 31 अक्टूबर 2025 तक सुझाव लिए जाने हैं, अतः अधिक से अधिक लोग अपने विचार एवं सुझाव देकर जनपद को शीर्ष पर बनाए रखें और जनभागीदारी को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें।
ज्ञातव्य है कि समर्थ पोर्टल पर 2047 तक प्रदेश को विकसित बनाने के लिए कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित 12 सेक्टर एवं 3 थीम से संबंधित सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं। इन सुझावों को विजन डॉक्यूमेंट में सम्मिलित किया जाएगा, जिससे विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
विकसित भारत 2047 का उद्देश्य भारत की स्वतंत्रता के 100वें वर्ष तक देश को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। इसमें समावेशी आर्थिक भागीदारी, सुदृढ़ अर्थव्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक समानता और प्रौद्योगिकी व नवाचार को बढ़ावा देने पर बल दिया गया है।
भारत सरकार का विजन 2047 समावेशी विकास, नवाचार, स्थिरता और सुशासन पर आधारित है, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग की समृद्धि सुनिश्चित की जा सके। नागरिक MyGov पोर्टल के माध्यम से भी अपने सुझाव और विचार साझा कर सकते हैं।
No comments
Post a Comment